उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे काफी लोग
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शनिवार की दोपहर दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। उनके रांची पहुंचते ही बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर भव्य स्वागत किया गया। भारी संख्या में एयरपोर्ट पहुंचे झारखंड राजद के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव जिंदाबाद का नारा लगाया और जोरदार तरीके से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर ढोल, नगाड़ा, छऊ नृत्य, संथाली, मुंडारी नृत्य व झारखंडी रीति रिवाज से तेजस्वी यादव का स्वागत किया गया। उनके स्वागत में भारत सरकार के पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय जनता दल के झारखंड प्रभारी जय प्रकाश नारायण यादव, प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह, प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव, झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता, चतरा लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व विधायक संजय सिंह यादव, पूर्व सांसद घूरन राम, पूर्व मंत्री राधाकृष्ण किशोर, युवा राजद के अध्यक्ष रंजन कुमार यादव, प्रदेश प्रवक्ता डा. मनोज कुमार, अनिता यादव, स्मिता लकड़ा सहित भारी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता मौजूद थे। वही दूसरी ओर बिहार राजद के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव सह वरीय अधिवक्ता रजनीकांत यादव ने कहा, तेजस्वी यादव एक बडे जननेता है, उनके खिलाफ कीचड उछालने वाले विपक्ष के लोग आंख खोलकर देख ले, बिहार में घोखे से एनडीए ने सरकार बना ली है, जबकि जनता ने बिहार में सरकार बनाने के लिए महागठंधन को समर्थन दिया था ।