महंगाई के खिलाफ विपक्ष का बिहार विधानसभा परिसर में प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। इसी क्रम में आज राजद की महिला विधायकों ने सिर पर रसोई गैस का छोटा सिलेंडर लिये प्रदर्शन किया। वहीं अन्य राजद विधायकों ने प्याज का माला पहने हुए विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान महिला विधायकों ने कहा कि रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। यह आम लोगों की पुहंच से दूर होता जा रहा है। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने से सारे वस्तुओं के दाम बढ़ते जा रहे हैं। आम लोगों को अपने परिवार का पेट पालना मुश्किल हो गया है। सरकार इनकी कीमतों को जबतक कम नहीं करेगी सदन से सड़क तक यह विरोध जारी रहेगा। भाई वीरेंद्र समेत कई राजद विधायक प्याज का माला पहुने हुए थे।
माले विधायकों ने लाठीचार्ज का किया विरोध
माले विधायकों ने विधानसभा परिसर में पोस्टर के साथ मंगलवार को प्रदर्शन किया। सभी विधायक सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई लाठीचार्ज का विरोध कर रहे थे। विधायकों ने कहा अपने लिये रोजगार की मांग करने वाले छात्रों पर पुलिस ने लाठी चलाई है। यह घटना निंदनीय है। रोजगार देने के वायदे से सरकार पीछे हट रही है। 19 लाख रोजगार देने की बात कहने वाले भाजपा के लोग इसे भी जुमला करार दिये हैं।