बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि भारत में दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के शुभारंभ के साथ ही पूरे देश में कोरोना के अंत की शुरुआत हो गई है। इस अभियान से भारत का नाम विश्व के उन चुनिंदा देशों में शुमार हो गया है, जो इस तरह की आपदा से निपटने में आत्मनिर्भर बनकर उभरे हैं। सूबे के सबसे बड़े अस्पताल में टीकाकरण के साक्षी बने जायसवाल ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि अभियान का श्रेय प्रधानमंत्री के सबल नेतृत्व व हमारे वैज्ञानिकों, डॉक्टरों व उनकी पूरी टीम को जाता है। याद करें तो महज कुछ साल पहले तक इस तरह की उपलब्धियों के मामलों में हमारा देश पश्चिमी देशों पर निर्भर रहता था। ऐसी उपलब्धियों को हम तक पहुंचने में महीनों और वर्षों लग जाते हैं, लेकिन अब जापान, ब्राजील ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के कई मुल्क इस वैक्सीन के लिए भारत की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। यह दुनिया में भारत की बदली छवि के साथ-साथ बढ़ती साख को भी दिखाता है।